बढ़ते खतरे को देखते हुए देश के कई राज्यों में फिर से लॉकडाउन लगाया जा रहा है। कई राज्य ऐसे है जो पहले से लगे लॉकडाउन को आगे बढ़ाते जा रहे हैं। उत्तराखंड, कर्नाटक, महाराष्ट्र के कई जिलों में कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के लिए राज्य सरकारों ने लॉकडाउन बढ़ाने का फैसला किया है। अब इस लिस्ट में गोवा का नाम भी शामिल हो गया है, गोवा सरकार ने 10 अगस्त तक राज्य में जनता कर्फ्यू लगाने का एलान कर दिया है।
गौरतलब है कि देश में पहले चरण का लॉकडाउन 24 मार्च से शुरू हुआ था, जो पांच चरणों तक चला। इसके बाद केंद्र सरकार ने लोगों को हो रही दिक्कतों को देखते हुए और अर्थव्यवस्था को फिर से पटरी पर लाने के लिए देश को अनलॉक करने का फैसला लिया। अनलॉक के बाद से देश में कोरोना के संक्रमण के मामले भी अनलॉक हो गए। आज देश उस जगह आ के खड़ा हो गया है जिसके बारे में सोचने से भी लोग डरते थे। वायरस का खतरा अब दोगुना हो गया है। वायरस के संक्रमण को काबू में लाने के लिए कई राज्य फिर से लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहे हैं।
बताते चलें कि गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य में 10 अगस्त तक जनता कर्फ्यू लगाए जाने का एलान किया है। इस दौरान लोगों के घर से बाहर निकलने पर पूर्ण रूप से पाबंदी रहेगी। इस दौरान जरूरी सेवाओं के लिए छूट जारी रहेगी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि इस सप्ताह गोवा में शुक्रवार, शनिवार और रविवार को 3 दिनों तक लगातार संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। जानकारी के मुताबिक जनता कर्फ्यू के दौरान रात 8 से सुबह 6 बजे तक लोगों को घरों से निकलने पर पाबंदी रहेगी। इस दौरान जरूरी सेवाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों को आने-जाने पर कोई रोक नहीं रहेगी।