उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर से एक बेहद अजब-गजब मामला सामने आया है, जहां एक लड़की की शादी के लिए वर चुनने के लिए पंचायत बैठानी पड़ी है। इस मामले में हैरान करने वाली बात यह है कि इस दौरान दूल्हे का चुनाव लॉटरी पर्ची डालकर किया गया। दरअसल यह लड़की एक नहीं बल्कि चार लड़कों के साथ घर से भागी थी। इस लड़की को खुद भी नहीं पता था कि असल में वह किसे ज्यादा पसंद करती है और किसके शादी करके उसके साथ जीवन बिताना चाहती है।
यह पूरा मामला अंबेडकरनगर के कोतवाली टांडा के अजीमनगर थाना इलाके का है, जहां 5 दिन पहले एक लड़की चार लड़कों के साथ घर से फरार हो गई। इन चारों ने इस दौरान लड़की को किसी रिश्तेदार के यहां छुपा कर रखा था। ऐसे में पुलिस ने जब मामले की छानबीन की तो यह सभी पकड़े गए। वहीं पकड़े जाने के बाद जो खुलासा हुआ उसने सबको हैरान कर दिया।
पकड़े जाने के बाद लड़की के परिजन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन तभी पंचायत ने इस मामले में शादी का प्रस्ताव रखा और लड़की के घर वाले भी राजी हो गए। वहीं जब पंचायत ने लड़की से पूछा कि वह किस से शादी करना चाहती है, तो वह तय नहीं कर पाई कि वह इन चारों में से किसे अपना जीवन साथी चुनना चाहती है।
यह कहानी किसी फिल्मी स्क्रीप्ट से कम नहीं है। इस दौरान जहां लड़की कंफ्यूज थी तो वहीं चारों लड़के में से कोई भी उससे शादी करने को तैयार नहीं था, जिसके बाद पंचायत ने फैसला करने के लिए एक अनोखी तरकीब निकाली। अपनी तरकीब के तहत लड़की के दूल्हे का चुनाव करने के लिए पंचायत ने पर्ची लॉटरी खेल का सहारा लिया। मतलब लड़की की शादी उस लड़के से होगी जिसका नाम पर्ची में आयेगा।
पंचों के इस फैसले के बाद चारों के नाम की पर्ची बनाई गई और पर्ची को एक कटोरी में रखा गया। फिर पंच ने एक बच्चे से पर्ची उठाई और पर्ची के खुलते ही फैसला हुआ कि लड़की की शादी किससे होगी। अंत में लड़की की शादी उस लड़के से तय हो गई, जिसका नाम पर्ची में निकला था। यह मामला इन दिनों सोशल मीडिया पर खासा सुर्खियां बटोर रहा है और लोग इस पर अपने-अपने अंदाज से प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं।